बांसवाड़ा के घाटोल क्षेत्र में बुधवार रात से ही अघोषित बिजली कटौती का दौर जारी है। दिनभर बिजली गुल रही, जिससे लोगों के रोजमर्रा के कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुए। क्षेत्रवासियों ने बताया कि रात 3 बजे से बिजली बंद है, और पूरे दिन में मात्र दो से तीन बार 5-10 मिनट के लिए ही बिजली सप्लाई शुरू हुई और फिर से बंद हो गई। अधिकारी बोले- फॉल्ट नहीं मिल रहा
बिजली कटौती के सवाल पर घाटोल एईएन मनराज मीणा ने बताया कि रात से ही लाइन में फॉल्ट की समस्या आ रही है। विभाग के कर्मचारी लगातार फॉल्ट ढूंढ रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें फॉल्ट का सही पता नहीं चल पाया है। इसके कारण बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों की मांग- जल्द करें सुधार
रात से लंबे समय तक बिजली गुल रहने और विभाग की तरफ से कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिलने के कारण बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान है। उन्होंने जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की है, जिससे उनका सामान्य जीवन पटरी पर लौट सके। वहीं रात से बिजली बंद होने पर गांवों में मवेशियों को पानी पिलाना मुश्किल हो गया है।


