रीवा। जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर नाराज विद्यार्थी परिषद ने बुधवार को डीईओ कार्यालय का घेराव किया और जोरदार नारेबाजी की। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता लगातार शिक्षा विभाग में शिक्षकों की अनियमितता और पठन-पाठन में लापरवाही के मुद्दे को लेकर पहुंचे थे। जिला शिक्षा कार्यालय के बाहर पहुंचकर उन्होंने नारेबाजी शुरू की। इसके बाद डीईओ रामराज मिश्रा ज्ञापन लेने बाहर आए। विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन सौंपते हुए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया। स्कूलों में शिक्षक शराब पीकर पहुंच रहे
विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक पीएन पांडेय ने कहा कि जिले की शिक्षा व्यवस्था लगातार चरमराई हुई है। स्कूलों में शिक्षक शराब के नशे में हाईवोल्टेज ड्रामे करते हैं और हाल ही में एक शिक्षक ने छात्र के साथ छेड़खानी तक की। उन्होंने आरोप लगाया कि डीईओ केवल जांच के नाम पर बातें करते हैं, लेकिन वास्तविक कार्रवाई कभी नहीं होती। “आज जब हम ज्ञापन देने गए, तो वो कांपते हुए हाथों से ज्ञापन लेकर लौट गए,” पांडेय ने कहा। जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा ने बताया कि विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन दिया है और उनकी सभी जायज मांगों पर विचार कर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


