लम्मा पिंड चौक के पास शहीद ऊधम सिंह नगर में शनिवार तड़के करीब 4 बजे गहरी नींद में सोए दोस्त शिवम और विनय तिवारी उर्फ हनी की गोलियां मारकर हत्या करने वाले शूटर मनी मिट्ठापुरिया को पुलिस 72 घंटे बाद भी पकड़ नहीं पाई है। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए फॉरेंसिक जांच शुरू की तो खुलासा हुआ कि कत्ल के तुरंत बाद उसने एक टैक्सी बुक की थी। टैक्सी लम्मा पिंड चौक के पास आई। वहां से वह उसमें बैठकर पीएपी चौक तक गया था। पुलिस ने जांच के दौरान टैक्सी के ड्राइवर को राउंडअप कर पूछताछ की तो उसने यह माना कि मनी केवल उसका कस्टमर था। उसने उसे पीएपी चौक में छोड़ा था। वहां से वह लुधियाना की ओर जाने वाली बस में बैठकर निकल गया था। इसके बाद पुलिस बस का रूट क्लियर करते हुए दिल्ली पहुंच गई है। पुलिस मानकर चल रही है कि मनी मिट्ठापुरिया विदेश भागने की फिराक में है। पुलिस ने उसकी एलओसी जारी करवा दी है, ताकि वह विदेश न भाग सके। पुलिस की अब तक की जांच में यह डबल मर्डर बड़ी साजिश से जुड़ा मामला निकल रहा है और जांच के दायरे में पंचम गैंग और बाबा गैंग आया है। पुलिस पंचम गैंग पर ज्यादा फोकस कर रही है, क्योंकि शिवम और हैरी ने 15 दिसंबर को मोता सिंह नगर में पंचम गैंग से जुड़े मॉडल टाउन के मनमीत सिंह उर्फ हनी चाहल और बैंक एनक्लेव के कर्ण को गोलियां मारकर जख्मी कर दिया था। शिवम और हैरी बिन्नी गुज्जर गैंग के टच में थे। बता दें कि शनिवार तड़के करीब 4 बजे लम्मा पिंड के शहीद ऊधम सिंह नगर में मोता सिंह नगर गोलीकांड के मुख्यारोपी शिवम वासी मोता सिंह नगर और उत्तम सिंह नगर के विनय तिवारी उर्फ हैरी को गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हरजिंदर सिंह हनी ने पुलिस को कहा था कि दोनों उसके दोस्त थे। शुक्रवार देर रात दोनों अपने तीसरे साथी मिट्ठापुर के रहने वाले मनीष उर्फ मनी मिट्ठापुरिया संग आए थे। शिवम जमीन पर गद्दे पर सो गया था, जबकि वो, हैरी व मनी बेड पर सो गए थे। हनी के अनुसार तड़के 4 बजे गोलियां चलने की आवाज सुनकर लाइट जलाई तो मनी शिवम को गोलियां मार रहा था। इसके बाद उसने विनय को गोलियां मार दीं। उसे धमकी दी कि अगर रास्ता रोका तो उसे भी मार देगा। इसके बाद वह भाग निकला। पुलिस ने कमरे से एक पिस्टल, दो मैगजीन, गोलियों के 9 खोल, 11 जिंदा कारतूस के अलावा एक स्विफ्ट कार बरामद की थी। बरामद वेपन और कारतूस शिवम के थे। मनी कत्ल में प्रयुक्त पिस्टल लेकर भागा। उसने 9 गोलियां चलाई थीं। थाना रामामंडी में हरजिंदर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। विनय और शिवम (फाइल फोटो) ^पुलिस मनी की तलाश में लगातार रेड कर रही है। मनी विदेश न भाग जाए, इसलिए उसकी एलओसी जारी करवा दी गई है। पुलिस जल्द मनी को गिरफ्तार कर साजिश से पर्दा उठा देगी।’ -परमिंदर सिंह थिंद, एसएचओ, थाना रामा मंडी


