राजस्थान के जयपुर में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने हमला बोल दिया है। हमले में कालवाड़ थाने के एएसआई बलवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में काफी चोट आई है। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया गया है. झगड़े की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
थानाप्रभारी झोटवाड़ा नवरत्न धोलिया ने बताया- मंगलम कॉलोनी हाथोज में परिवादी ओंकार सिंह ने सूचना दी कि उसके पड़ोस में रहने वाले उससे झगड़ा कर रहे हैं और पथराव कर रहे हैं। पौने तीन बजे इस सूचना के बाद स्थानीय कालवाड़ थाना पुलिस की चेतक PCR मौक़े पर पहुंची थी। पीसीआर में एएसआई बलवीर सिंह, ड्राइवर नवीन और महिला कॉन्स्टेबल थी। समझाइश के दौरान दूसरे पक्ष ने पुलिस के जवानों पर ही हमला कर दिया। सिर में आई गंभीर चोट
जैसे ही पुलिस की टीम मौक़े पर पहुंची और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की तो तुरंत पड़ोस में रहने वाले अजय और उसकी मां और अन्य लोगों ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया और पथराव करने लगे। इस हमले में ASI बलवीर सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिन्हें चिरायु हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद हुई गिरफ्तारी
वहीं, महिला कॉन्स्टेबल और ड्राइवर से भी हमलवारों ने अभद्रता की है। पुलिस ने अजय जांगीड़ (30), उसकी मां ललिता देवी (55) और बहन मनीषा जांगीड़ (25) को हिरासत में लिया है। एसीपी झोटवाड़ा आलोक सैनी ने बताया ने बताया- थाने में मुक़दमा दर्ज कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिसकर्मियों से मारपीट सहित अन्य धाराओं में आरोपियों को गिरफ़्तार किया।


