पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में वरिष्ठ आईपीएस अफसरों की सेवानिवृत्ति या प्रतिनियुक्ति पर जाने से खाली हुईं शाखाएं अतिरिक्त प्रभार में चल रही हैं। दरअसल, पीएचक्यू में डीजी, स्पेशल डीजी और एडीजी स्तर के अफसरों को उनकी मूल के अलावा अन्य शाखाओं का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इन शाखाओं में स्थायी मुखिया न होने से कामकाज की रफ्तार धीमी हुई है। आईपीएस अफसरों को मूल शाखा के साथ ही अतिरिक्त जिम्मेदारी उठानी पड़ रही है। कई अफसरों ने इसके लिए समय का बंटवारा तक कर रखा है। मसलन लंच के पहले मूल शाखा तो लंच के बाद अतिरिक्त शाखा के काम किए जा रहे हैं। इससे अतिरिक्त शाखा वाले स्टाफ को ज्यादा मशक्कत करनी पड़ रही है। इसके अलावा पीएचक्यू की अलग-अलग शाखाओं से प्रदेशभर में की जाने वाली मॉनीटरिंग समेत नई योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी असर हो रहा है। पीएचक्यू की ये शाखाएं अतिरिक्त प्रभार पर कल्याण शाखा : विजय कटारिया को 13 सितंबर 2023 को एडीजी प्रशासन का दायित्व मिलने के बाद एसआईएसएफ एडीजी अनिल कुमार के पास इस शाखा का अतिरिक्त चार्ज है।
अजाक शाखा: एडीजी राजेश गुप्ता के 30 सितंबर 2024 को सेवानिवृत्त होने के बाद स्पेशल डीजी महिला सुरक्षा शाखा प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
पीटीआरआई: पुलिस ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट( पीटीआरई) के एडीजी जी. जनार्दन के 31 दिसंबर 2023 को सेवानिवृत्त होने के बाद से स्थायी मुखिया नहीं मिला। अनिल गुप्ता एडीजी (आरएंडडी) ने सितंबर 2024 में सेवानिवृत्त होने तक इस शाखा का अतिरिक्त प्रभार संभाला। वर्तमान में एडीजी चयन एवं भर्ती संजीव शमी के पास पीटीआरआई का अतिरिक्त प्रभार है।
एसएएफ: एडीजी एसएएफ साजिद फरीद सापू के केंद्र में नवंबर 2024 में प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद सीएम ओएसडी एडीजी राकेश गुप्ता को एसएएफ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
विजिलेंस: सीआईडी एडीजी पवन श्रीवास्तव एडीजी विजिलेंस का अतिरिक्त दायित्व 15 मार्च 2024 से संभाल रहे हैं।
एंटी नक्सल ऑपरेशंस: स्पेशल डीजी पंकज श्रीवास्तव के पास एसटीएफ के अलावा एंटी नक्सल ऑपरेशंस का भी दायित्व है।
साइबर: अक्टूबर 2024 में एडीजी इंटेलीजेंस बनने से पहले आईपीएस योगेश देशमुख के पास साइबर सेल का दायित्व था। अब साइबर सेल अतिरिक्त प्रभार के रूप में है।
योजना: दो जनवरी को एडीजी विवेक शर्मा के ट्रांसपोर्ट कमिश्नर बनने के बाद योजना शाखा का अतिरिक्त प्रभार प्रबंध शाखा के एडीजी योगेश चौधरी के पास है।
दो महीने में तीन स्पेशल डीजी होंगे रिटायर
इस साल के शुरुआती दो महीनों में पीएचक्यू से तीन वरिष्ठ आईपीएस और स्पेशल डीजी सेवानिवृत्त होंगे। जनवरी में स्पेशल डीजी रेल सुधीर कुमार साही, तो फरवरी में स्पेशल डीजी पुलिस सुधार शैलेश सिंह और विजय कटारिया स्पेशल डीजी एडिमिनस्ट्रेशन सेवानिवृत्त होंगे। इसके बाद तीनों शाखाओं में भी मुखिया की दरकार होगी। इस साल हुई डीपीसी में वर्ष 2001 बैच के संतोष कुमार सिंह एडीजी बने हैं। ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के पद से हटाए गए एडीजी डीपी गुप्ता को फिलहाल कोई जिम्मा नहीं सौंपा गया है।


