प्रतापगढ़ जिला अभिभाषक संघ के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। कुल छह पदों के लिए उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। वर्ष 2026 के इन चुनावों के लिए अधिवक्ता अरुण वैष्णव, सिद्धार्थ मोदी और भूपेंद्र ग्वाला को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन्होंने भरा नामांकन अध्यक्ष पद के लिए बलवंत बंजारा और जितेंद्र राठौर ने नामांकन दाखिल किए हैं। उपाध्यक्ष पद पर मखमद खान और अभय सिंह आर्य के बीच मुकाबला होगा। सचिव पद के लिए रवि सुथार, विशाल सालवी और सचिन पटवा ने नामांकन भरे हैं, जिससे इस पद पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। सहसचिव पद के लिए सुरेंद्रसिंह आंजना और शांतिलाल मीणा ने अपनी दावेदारी पेश की है। कोषाध्यक्ष पद पर महेशचंद्र शर्मा और पुस्तकालय सचिव पद पर हेमंत माली का केवल एक-एक नामांकन प्राप्त हुआ। नामांकन पत्रों की जांच के बाद इन दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की गई है। मतदान 12 को होगा चुनाव अधिकारी सिद्धार्थ मोदी ने बताया- नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 10 दिसंबर दोपहर 3 बजे तक थी, जिसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। मतदान 12 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक होगा। मतगणना उसी दिन दोपहर 3 बजे से शुरू होगी और चुनाव परिणाम भी 12 दिसंबर को ही घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में कुछ रोचक पहलू भी सामने आए हैं। पूर्व में दो बार अध्यक्ष रह चुके बलवंत बंजारा ने एक बार फिर अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की है। इसके अलावा, नए न्यायालय परिसर में यह पहली बार है जब अध्यक्ष पद का चुनाव हो रहा है। वर्तमान सचिव विशाल सालवी के दोबारा सचिव पद के लिए मैदान में उतरने से यह मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।


