नर्मदापुरम क्षेत्र में पिछले चार दिनों से तापमान में बदलाव देखा जा रहा है, जिस वजह से ठंड का प्रभाव भी कम ज्यादा हो रहा है। मंगलवार को मौसम साफ होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हुई। नर्मदापुरम में पिछले 24 घंटे में 2 डिग्री गिरकर तापमान 12 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पचमढ़ी में रात का तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे ठंड का असर फिर से बढ़ गया। सुबह से तेज धूप निकली है। न्यूनतम तापमान में होगी गिरावट मौसम वैज्ञानिक डॉ. वीएस यादव ने बताया कि राजस्थान की ओर से बने प्रेरित चक्रवात के कारण निर्मित हुए बादल अब हटने लगे हैं। मंगलवार से जिले में रात का तापमान कम होगा। अगले चार दिनों तक रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। वहीं मौसम साफ होने के कारण धूप अच्छी खिलने के कारण ठंड का प्रभाव दिन के समय में कम रहेगा। लेकिन, सुबह और शाम के समय में ठंड का प्रभाव बना रहेगा। वहीं नया पश्चिमी विक्षोभ 10 जनवरी के आसपास उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करेगा।


