रतलाम 8-लेन एक्सप्रेस वे पर गाड़ियों पर पथराव:थांदला टोल पर शिकायत, तो पेट्रोलिंग वाहन पर भी फेंके पत्थर; एक साल में 25 से ज्यादा घटनाएं

रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस वे पर जिले के रावटी थाना क्षेत्र में रविवार रात 6 गाड़ियों पर पथराव हो हुआ। इस दौरान वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां नहीं रोकी। फिर गाड़ियां झाबुआ जिले के एग्जिट पाइंट स्थित टोल पर जाकर रोकी गई। इधर सूचना पर एक्सप्रेस वे का पेट्रोलिंग वाहन भी जब एक्सप्रेस वे से सर्चिंग करने निकला तो उस पर भी पथराव हुआ। पेट्रोलिंग टीम ने पथराव करने वाले एक युवक को पकड़कर रावटी थाना पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने थोड़ी देर पूछताछ के बाद उस युवक को दोषी नहीं मानते हुए एनएचएआई की टीम के सामने ही छोड़ दिया। पथराव की घटना रविवार रात करीब 10 से 11 बजे रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र मेंएक्सप्रेस-वे पर हुई। मामला सोमवार देर रात सामने आया है। रविवार रात अज्ञात लोगों ने गाड़ियों पर बड़े-बड़े पत्थर फेंके।जिन गाड़ियों पर पथराव हुआ, वे सभी थांदला या झाबुआ की ओर जा रही थीं। ऐसे में किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई। पथराव के बाद थांदला एक्जिट पॉइंट पहुंचे वाहन चालकों की टोलकर्मियों और पुलिस से काफी बहस भी हुई। पथराव से गाड़ियों को खासा नुकसान हुआ है। यात्रियों ने बताया कि काफी बड़े पत्थर फेंके गए। एक्सप्रेस-वे की पेट्रोलिंग टीम की ओर से रावटी थाने पर आवेदन दिया गया है। इसमें तीन संदिग्धों के नाम भी दिए हैं। उन्होंने एक युवक को तो बाइक समेत पकड़कर भी पुलिस के हवाले किया। जिला उद्यानिकी अधिकारी और झाबुआ के व्यापारी की कार पर लगे पत्थर झाबुआ जिले में पदस्थ उद्यानिकी विभाग के जिला अधिकारी नीरज सांवले की कार पर 4 बड़े पत्थर लगे। उन्होंने फौरन हेल्पलाइन नंबर 1033 पर कॉल किया। सांवले ने बताया कि कॉल काफी देर कनेक्ट नहीं हुआ। जब कनेक्ट हुआ तो रिसीव करने वाले ने वरिष्ठ अधिकारी से बात कराई। जब तक उनसे बात हुई तब तक थांदला पहुंच चुका था। कार के शीशे, बोनट और दरवाजे को काफी नुकसान हुआ। झाबुआ के व्यापारी वरुण सकलेचा की कार पर पथराव हुआ है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप यादव की तरफ से रावटी पुलिस थाना में आवेदन दिया है।एनएचएआई ने तीन संदिग्धों को पकड़ कर रावटी पुलिस को भी सौंपा है। लेकिन पुलिस को उनसे कोई खास जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने पूछताछ कर संदिग्धों को छोड़ दिया है। हालांकि रावटी थाना पुलिस ने मामले की जांच कर रही है। रावटी थाना प्रभारी जय प्रकाश से संपर्क करना चाहा। लेकिन नहीं हो पाया। प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप यादव का कहना है कि गाड़ियों पर पथराव के इरादे से ही पथराव किया गया था। मामले में पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। ठंड में वैसे भी रात को यातायात कम हो जाता है। वहीं रावटी थाना टीआई जयप्रकाश चौहान का कहना है कि ​​​​​​​एनएचएआई की टीम ने एक युवक को हमारे हवाले किया था। पूछताछ में पता चला कि उसने कुछ नहीं किया तो उसे उनके सामने ही छोड़ दिया। उसकी बाइक भी वापस कर दी। जिनके नाम दिए उनकी जांच करेंगे। पथराव की सूचना मिली है। सच्चाई तो जांच में पता चलेगी। एक साल में 25 से अधिक घटनाएं 8-लेन एक्सप्रेस वे पर पिछले एक साल में 25 से ज्यादा बार पथराव की घटनाएं हुई है। पथराव को लेकर करीब 5 एफआईआर भी हुई है। लेकिन आज तक पुलिस किसी को नहीं पकड़ पाई है। पथराव की घटना के बाद वाहन चालकों में भय का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *