12 जनवरी से शुरू होने वाली वीमेंस हॉकी इंडिया लीग को लेकर सोमवार को ओडिशा वॉरियर्स की टीम भी रांची पहुंच गई। दोपहर करीब 3 बजे की फ्लाइट से टीम के खिलाड़ी, कोच व अधिकारी रांची एयरपोर्ट पहुंचे। यहां हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों द्वारा टीम का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया। टीम में इशिका चौधरी, दीप ग्रेस एक्का, बलजीत कौर व अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। रांची पहुंचने के बाद उन्हें होटल में ले जाया गया। हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने बताया कि ओडिशा की टीम मंगलवार को मरांग गोमके हॉकी स्टेडियम में प्रैक्टिस करेगी। जबकि शाम करीब 5 बजे से बंगाल टाइगर्स की टीम भी अभ्यास करेगी। बताते चलें कि ओडिशा वॉरियर्स का पहला मैच 12 जनवरी को दिल्ली पाइपर्स के साथ है। इस टूर्नामेंट के बाद वीमेंस एचआईएल का विधिवत उद्घाटन होगा। इधर, रांची पहुंचने के बाद ओडिशा वॉरियर्स की कप्तान नेहा गोयल ने लीग को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह लीग भारत में महिला हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक कदम है, और हम इसका हिस्सा बनकर बेहद रोमांचित हैं। हमारी टीम मैदान में उतरने के लिए तैयार है, रांची में दीवाने फैंस के सामने खेलकर आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करना चाहती हूं। दूसरे दिन भी बंगाल टाइगर्स ने किया अभ्यास… रांची पहुंचने के बाद सोमवार को दूसरे दिन देर शाम तक बंगाल टाइगर्स की टीम ने स्टेडियम में अभ्यास किया। खिलाड़ियों ने पेनाल्टी कॉर्नर, बॉल पासिंग, गोल कीपिंग, रनिंग प्रैक्टिस समेत अन्य प्रैक्टिस किया। टीम के कोच खिलाड़ियों के हर मूवमेंट पर गहरी नजर बनाते हुए दिखे। हर छोटी गलतियों पर उन्हें समझाते रहे। ओडिशा वॉरियर्स की टीम में शामिल हैं ये खिलाड़ी… इशिका चौधरी, नेहा गोयल, जॉक्लिन बार्ट्राम, फ्रीके जॉर्जेट मैरी, अन्नु, क्लेयर कोलविल, दीप ग्रेस एक्का, यिब्बी जानसन, कैटलिन नोब्स, माधुरी किंडो, ज्योति छत्री, रुतुजा दादासो पिसल, बलजीत कौर, अंजलि बैरवा, साक्षी राणा, कनिका सिवाच, एंजिल हर्षा रानी मिंज, लिली पॉलिन स्टॉफ़ेल्स्मा, सोनिका, विक्टोरिया सॉज, मिशेल, निशा, साधना सेंगर, नंदनी। ओडिशा वॉरियर्स की टीम सोमवार को रांची एयरपोर्ट पहुंची, आज मरांग गोमके हॉकी स्टेडियम में प्रैक्टिस करेगी।


