प्रतापगढ़ में सेवा भारती की ओर से सोमवार रात को भारत माता पूजन और कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दीवाला गांव में संचालित संस्कार केंद्र पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सेवा भारती के जिला प्रचार प्रमुख अरविंद शर्मा ने बताया कि दीवाला गांव के संस्कार केंद्र पर भारत विकास परिषद के सहयोग से कंबल वितरण कार्यक्रम के साथ भारत माता की आरती की गई। इस दौरान सेवा भारती के जिला अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से सेवा भारती नई पीढ़ी तैयार कर रही है, जिससे आने वाली चुनौतियों का सामना किया जा सके ,भारत भूमि पुण्य भूमि है यहां का एक एक कण दिव्यता और श्रद्धा का केंद्र है। प्राचीन काल में भारत का विस्तार दूर-दूर तक था लेकिन आंतरिक विघटनकारी शक्तियों के कारण भारत माता के कई टुकड़े हुए लेकिन नई पीढ़ी को अब इन चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करने का काम सेवा भारती द्वारा किया जा रहा है। इस मौके पर भारत विकास परिषद के सुधीर वोरा के सहयोग से जरूरतमंद लोगों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने भारत माता की आरती में उत्साह के साथ भाग लिया।


