पोहरी विधायक को धमकी देने वाला आरोपी कोर्ट में सरेंडर:वीडियो वायरल होने पर PCC अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी प्रभात रावत बुधवार को शिवपुरी कोर्ट में सरेंडर कर गया। आरोपी पर पहले से हत्या के प्रयास का वारंट जारी था, जिसके चलते कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। कोतवाली पुलिस गुरुवार को धमकी वाले मामले में आरोपी का रिमांड लेगी। विधायक को मिली धमकी का वीडियो उनके स्टाफ ने मौके पर ही रिकॉर्ड कर लिया था। इस वीडियो में आरोपी प्रभात रावत कथित तौर पर शराब के नशे में विधायक को जान से मारने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक रंग लेने लगा। वीडियो वायरल होने के बाद पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “पोहरी विधायक को खुलेआम मोबाइल पर जान से मारने की धमकी कोई सामान्य घटना नहीं है। यह भाजपा मॉडल की कानून व्यवस्था का कड़वा सच है। कांग्रेस विधायक भी सुरक्षित नहीं हैं! अपराधियों का मनोबल सरकार ने ही बढ़ाया है।” पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। आरोपी प्रभात रावत ग्राम सिंहनिवास का निवासी है और उसके खिलाफ 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह दो बार जिलाबदर भी हो चुका है। धमकी के बाद कोतवाली पुलिस लगातार उसके घर और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस के लगातार दबाव के चलते गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपने पुराने मामले में कोर्ट में सरेंडर करना उचित समझा। टीआई कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि विधायक को धमकी देने के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। उन्होंने पुष्टि की कि पुलिस दबाव के कारण ही आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर किया है। राठौड़ ने कहा कि गुरुवार को पुलिस आरोपी का रिमांड लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *