पति से सुलह कराने के बहाने महिला से रेप:पोहरी पुलिस ने आरोपी को 4 घंटे में किया गिरफ्तार

शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पति-पत्नी के बीच सुलह कराने का बहाना बनाकर महिला को कई दिनों तक अपनी हवस का शिकार बनाया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ की रहने वाली पीड़िता की शादी पोहरी क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद पति मजदूरी के लिए बाहर चला गया, जबकि महिला अपने मायके छत्तीसगढ़ लौटने के लिए निकली थी। रास्ते में उसकी मुलाकात झिरी निवासी धर्मेंद्र ओझा से हुई, जिसे वह पहले से जानती थी। धर्मेंद्र ने पति से सुलह कराने का झांसा देकर महिला को अपने घर ले गया और वहां कई दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। जब महिला का पति लौटा, तो पीड़िता ने उसे पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों पोहरी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी धर्मेंद्र ओझा को चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसी बीच, शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र से भी दुष्कर्म का एक अन्य मामला सामने आया है। यहां बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर एक महिला से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 30 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि 5 दिसंबर को वह अपने छोटे बच्चों के साथ घर पर अकेली थी, क्योंकि उसका पति बटाई के खेत पर गया हुआ था। रात में जब वह बच्चों के साथ सो रही थी, तभी छोटू रजक नाम का व्यक्ति घर में घुस आया। उसने पीड़िता का मुंह दबा दिया और बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत पर नरवर थाना पुलिस ने आरोपी छोटू रजक के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *