एकलव्य विद्यालय पहुंचे कलेक्टर ने पानीपत युद्ध का अध्याय पढ़ाया

भास्कर न्यूज ​| जशपुरनगर ​कलेक्टर रोहित व्यास ने पत्थलगांव क्षेत्र के सुखरापारा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल विद्यालय की शैक्षणिक और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि एक शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों को इतिहास का महत्वपूर्ण पाठ भी पढ़ाया।​ निरीक्षण के बीच कलेक्टर व्यास सीधे आठवीं कक्षा में पहुंचे और विद्यार्थियों से पढ़ाई, रहने की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता के बारे में सीधी बातचीत की। इसके बाद उन्होंने बच्चों से इतिहास विषय पर चर्चा शुरू की। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को पानीपत के तीसरे युद्ध का विस्तार से पाठ पढ़ाया।​ उन्होंने बच्चों को समझाया कि यह युद्ध मराठा व अफगान सेना के बीच 1761 में लड़ा गया था। कलेक्टर ने इसके दूरगामी परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस युद्ध के परिणामस्वरूप भारतीय सत्ता संरचना में बड़ा बदलाव आया और इसने देश में अंग्रेजों के वर्चस्व का मार्ग प्रशस्त किया। बच्चे कलेक्टर की ऐतिहासिक व्याख्या को बड़े ध्यान से सुनते रहे। सुविधाओं का जायजा, कहा- लाइब्रे​री में पुस्तकें और लैब में जरूरी सामग्री बढ़ाएं ​निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर व्यास ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, प्रयोगशाला , लाइब्रेरी, किचन, डाइनिंग हॉल और छात्रावास का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के सुचारू संचालन के लिए कई निर्देश दिए। इसके लाइब्रेरी में आवश्यक पुस्तकें बढ़ाने और विज्ञान प्रयोगशाला को आवश्यक उपकरणों सहित सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को प्रोटीन युक्त संतुलित आहार उपलब्ध कराने और किचन में भोजन बनाने में मदद के लिए उपलब्ध मशीनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। छात्रावास के प्रत्येक कमरे में बच्चों की पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *