भास्कर न्यूज | पाटन ग्राम भंसूली (के) नाला में स्टापडेम निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है। कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत इस महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना का काम आज तक पूरा न होने पर ग्रामीण आक्रोशित हैं। बताया गया कि ढाई वर्ष पूर्व भूपेश बघेल सरकार द्वारा खर्रा, जरवाय, तेलीगुंडरा, भंसूली, डंगनिया और खम्हरिया सहित कई गांवों में स्टॉपडेम निर्माण के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति दी गई थी। ग्रामीणों और किसानों को उम्मीद थी कि इससे सिंचाई की समस्या दूर होगी, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद से काम ठप पड़ा है। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू ने बताया कि किसान हितैषी योजनाओं को भाजपा सरकार ने रोककर किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। ग्रामीण अध्यक्ष पिंकेश साहू ने कहा कि यदि स्टॉपडेम निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं किया गया, तो किसान और ग्रामीण मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। जनपद सदस्य दिनेश साहू, केके साहू, नीलमणी हिरवानी मौजूद थे।


