भास्कर न्यूज | कुसमी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कंदरी के बैरडीह बीट में मंगलवार को जंगलों में हरे-भरे पेड़ों को जेसीबी के काटकर खेत बनाया जा रहा था। सूचना पर वन कर्मियों ने पूछताछ कर जेसीबी जब्त किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी को राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है। ग्राम पंचायत कंदरी के बैरडीह बीट के पी-3170 में सरजू नगेशिया आत्मज अमलू द्वारा वन क्षेत्र के जंगलों में हरे-भरे सरई पेड़-पौधों को जेसीबी मशीन लगाकर काटकर अतिक्रमण कर खेत धड़ल्ले से बनाया जा रहा था। सूचना पर कुसमी रेंजर काली राम सहित वन्य कर्मी मौके पर पहुंचकर ऑपरेटर से खोदे जा रहे उक्त भूमि के बारे में दस्तावेज मांगा, जिसपर किसी भी प्रकार का दस्तावेज ऑपरेटर ने मौके पर नहीं होना बताया। इस पर कर्मियों ने पंचनामा तैयार कर जेसीबी मशीन को जब्त कर वन विभाग कार्यालय को खड़ा कर दिया। अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों भेज दिया है। अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी को राजसात करने की कार्रवाई करते हुए दोषी व्यक्तियों के खिलाफ वन्य अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में कुसमी वन परिक्षेत्राधिकारी काली राम, चांदो रेंजर हरिकिशुन पैकरा सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


