सिटी एंकर बोकारो सहित आसपास के क्षेत्र में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड का गहरा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिले का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। ठंड के कारण कंपकपी बढ़ गई है। ऐसे में सदर अस्पताल में ओपीडी में इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। प्रत्येक दिन श्वांस, हार्ट और सर्दी-जुकाम से पीड़ित बड़ी संख्या में मरीज सदर अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं, ठंड के कारण बच्चों में निमोनिया की समस्या बढ़ी है। सदर अस्पताल में प्रतिदिन करीब 80 से 100 मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या 65 से 75 के आसपास रहती है। ठंड में सिकुड़ती है रक्त वाहिकाएं सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कुंवर अभिषेक आर्य के अनुसार ठंड में ब्लड वेसल्स (रक्त वाहिकाएं) सिकुड़ जाती हैं। खून गाढ़ा हो जाता है और हृदय पर दबाव बढ़ जाता है।इससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। बचाव के उपाय पर डॉ. आर्य बताते है कि शरीर को गर्म रखें। गर्म और कई परत वाले कपड़े पहनें। खासकर टोपी, मौजा, दस्ताना और स्कार्फ पहनें। ठंड में ज्यादा देर तक बाहर रहने से बचें, खासकर बहुत ठंडी हवा में। हल्का, गर्म और पौष्टिक भोजन खाएं और तला-भुना से दूर रहे। इन लक्षणों को देखते ही डॉक्टर से करें संपर्क सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आना या अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्थिति के लिए सदर में विशेष चिकित्सक उपलब्ध है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह शीत लहरी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले तीन-चार दिनों तक कोल्ड वेव चलेगी। सुबह और रात को इसका असर अधिक दिखेगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि आगे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, वहीं न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री तक रहेगी। बताते हैं कि दिसंबर के दूसरे और अंतिम सप्ताह में और अधिक शीत लहरी की संभावना है। बढ़ती ठंड को देखते हुए बोकारो जिला प्रशासन ने रात में बाहर रहने वालों को राहत देने के लिए पूरे जिले में अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। गरीब, बेसहारा और रात में काम करने वाले लोगों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी नागरिक को ठंड से परेशानी न हो। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों, प्रखंड मुख्यालयों, पंचायत भवनों, हाट-बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की समुचित व्यवस्था की गई है। अभी शीत लहरी से राहत नहीं बढ़ती ठंड को लेकर प्रशासन सक्रिय, अलाव की व्यवस्था शुरू


