प्राचार्य से दुर्व्यवहार, विधायक प्रतिनिधि समेत 7 पर केस

क्राइम रिपोर्टर | भिलाई भिलाई नगर थाना अंतर्गत सेक्टर-7 स्थित कल्याण कॉलेज में मंगलवार को एनएसयूआई के प्रदेश सचिव और भिलाई नगर विधायक प्रतिनिधि आकाश कनौजिया ने अपने साथियों के साथ पहुंचकर हंगामा कर दिया। उन्होंने करीब आधे घंटे तक प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा को घेरकर दुर्व्यवहार किया। इस दौरान उन्हें जबरदस्ती जूते की माला पहनाने की भी कोशिश की। घटना के बाद प्राचार्य की शिकायत पर आकाश सहित 7 एनएसयूआई नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक 9 दिसंबर की सुबह हंगामा उस समय शुरू हुआ जब कॉलेज की दो चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मियों को दोबारा काम पर रखने और उनसे सार्वजनिक माफी मांगने की मांग को लेकर एनएसयूआई पदाधिकारी कॉलेज पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि दोनों महिला कर्मी को अनुचित तरीके से हटाया गया है। इसलिए उन्हें तत्काल काम पर वापस लिया जाए। इसी मांग को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पहले कॉलेज गेट पर प्राचार्य का इंतजार किया, लेकिन उनके बाहर न आने पर सभी अंदर घुस गए। प्राचार्य विनय शर्मा ने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि जब कॉलेज में परीक्षा फॉर्म परीक्षण और हस्ताक्षर का शासकीय कार्य चल रहा था, तभी आकाश कनौजिया, दीपक पाल, आनंद यदु, पूर्व मानसेवी सहायक प्राध्यापक नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल और अंशुल शर्मा सहित कुछ युवक परिसर में अनाधिकृत रूप से घुस आए। इसलिए केस दर्ज किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *