भास्कर न्यूज | कोरबा हसदेव नदी पर बने कुदुरमाल पुल का लोड बेयरिंग टेस्ट कर तीन विभागों के इंजीनियरों की गठित कमेटी सात दिन में रिपोर्ट देगी। सेतु, पीडब्ल्यूडी व नगर निगम के इंजीनियरों को शामिल कर तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। उरगा-बलौदा रोड पर कुदुरमाल के पास हसदेव नदी पर बना पुल 50 साल पुराना है। पुल जर्जर होने से वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। इससे दूसरी बायपास सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। नो एंट्री खुलने पर शहर की मुख्य सड़क पर जाम लगने से लोग परेशान हो रहे हैं। बुधवार को कलेक्टर अजीत वसंत ने कुदुरमाल में हसदेव नदी पर पुल का जायजा लिया। मौके पर मौजूद सेतु, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के इंजीनियरों को पुल की जर्जर स्थिति और आवाजाही पर प्रतिबंध को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग तलाशने की संभावनाओं का अध्ययन करने कहा। कलेक्टर ने तीन सदस्यीय समिति गठित करने और पुल का निरीक्षण कर लोड बेयरिंग टेस्ट कर रिपोर्ट पेश करने कहा है।


