पत्थरबाजी कर पैक्स गोदाम निर्माण रोकने का आरोप

भास्कर न्यूज | मझिआंव मझिआंव प्रखंड के अधौरा गांव में तलसबरिया पैक्स गोदाम निर्माण कार्य के दौरान उपजे विवाद ने तनाव का माहौल पैदा कर दिया। जानकारी के अनुसार गोदाम निर्माण कार्य के समय कुछ स्थानीय लोगों द्वारा पत्थरबाजी कर कार्य रुकवा दिया गया। इस घटना को लेकर तलसबरिया पैक्स लिमिटेड के अध्यक्ष अमीरुद्दीन सिद्दीकी ने अंचल पदाधिकारी मझिआंव को लिखित शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत में बताया गया है कि उपायुक्त गढ़वा के पत्रांक संख्या 308 दिनांक 22 मई 2025 के आलोक में अंचलाधिकारी मझिआंव को भेजे गए पत्र के अनुसार अधौरा गांव स्थित खाता संख्या 179, प्लॉट संख्या 1322, जो सरकारी पइन अनाबाद भूमि है और झारखंड सरकार के नाम दर्ज है, को पैक्स गोदाम निर्माण के लिए चयनित किया गया था। इसी भूमि पर निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन अधौरा गांव के नबी अहमद खां, उनकी पत्नी अहद बानो वीवी, अनवार खान, सहजाद खान तथा उनकी पत्नी गुलशन वीवी द्वारा पत्थरबाजी की गई और कार्य को जबरन रोक दिया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उक्त लोगों ने काम कर रहे मजदूरों पर लाठी और टांगी से हमला करने का प्रयास किया, जिससे निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। उनका कहना है कि ये लोग सरकारी भूमि पर कब्जा जमाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि सरकारी निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न न हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *