गढ़वा | प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष मनोज प्रसाद तथा सचिव निभा रंजना लकड़ा के आदेशानुसार आज बुधवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर सह जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रमना थाना क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय भागोडीह में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएलवी रामाशंकर चौबे ने सर्वधर्म गीत और भारत माता की जय घोष के साथ की। वहीं उन्होंने स्वयं गीत गाकर बच्चों को खूब झुमाया। इस अवसर पर पीयूसीएल के वरिष्ठ सदस्य सुरेश मानस ने कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का गठन 12 अक्टूबर 1993 को मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 के तहत किया गया था। जिसका मुख्य उद्देश्य भारत में मानवाधिकारों का संरक्षण और संवर्धन करना है। वहीं यह भारत का एक स्वतंत्र वैधानिक निकाय है। जिसकी स्थापना मानवाधिकारों के प्रचार-प्रसार के लिए हुई है। इस अवसर पर पीएलवी राम एकबाल चौबे के द्वारा अपने संविधान को बचाने सहित नियम कानून के अनुसार चलने और सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। पीएलवी रूपेश कुमार रजक, राकेश कुमार, यशवंत कुमार मिश्र, प्रणय कुमार ने भी मानवाधिकार दिवस पर अपनी अभिव्यक्ति दी। वहीं धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के शिक्षक राजेश्वर चौधरी के द्वारा दी गई।


