बैकुंठपुर | स्वदेशी जागरण मंच जिला-कोरिया इकाई द्वारा उद्यमिता विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रामानुज शासकीय पीजी महाविद्यालय और शासकीय कन्या महाविद्यालय बैकुंठपुर में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही और विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ प्रांत के पूर्णकालिक प्रचारक शंकर त्रिपाठी ने स्वावलंबन और स्वरोजगार के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि कौशल और ज्ञान का उपयोग कर व्यापार, व्यवसाय और उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बनना है। जिला संयोजक शारदा प्रसाद गुप्ता ने शासन की विभिन्न उद्यमिता योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं के लिए कई अवसर उपलब्ध है। इन योजनाओं का लाभ लेने सही मार्गदर्शन जरूरी है, जिसके लिए स्वदेशी जागरण मंच की टीम सदैव तत्पर रहेगी।


