परसा स्कूल के छह विद्यार्थियों के लेख राष्ट्रीय पत्रिका में किए गए प्रकाशित

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर सरगुजा संभाग के लिए गर्व का क्षण है। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परसा के छह विद्यार्थियों के लेख राष्ट्रीय स्तर की बाल विज्ञान पत्रिका में प्रकाशित हुए हैं। इस उपलब्धि के केंद्र में हैं शिक्षिका आराधना तिवारी, जिनके मार्गदर्शन और नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों ने बच्चों की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। पिछले वर्ष भी इसी विद्यालय के 12 विद्यार्थियों के लेख लगातार पांच महीनों तक राष्ट्रीय पत्रिका में चयनित हुए थे। आराधना तिवारी ने बताया कि यह सफलता जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संचालित “रचनात्मक लेखन कार्यक्रम” का परिणाम है, जिसमें बच्चों को सोचने, लिखने और नए विचार प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय में पदस्थ नवनियुक्त शिक्षक प्रिंस गुप्ता, आदित्य वर्मा, डेविस साहू और अजय कुमार कश्यप भी आधुनिक शिक्षण तकनीकों और प्रायोगिक कार्यों से बच्चों की समझ को मजबूत कर रहे हैं। पिछले दो वर्षों से हर माह प्रकाशित होने वाली दीवार पत्रिका “अभिव्यक्ति” ने विद्यार्थियों को रचनात्मकता का मंच दिया है। अब बच्चे स्वयं रचनाओं का चयन कर पत्रिका का संपादन भी कर रहे हैं। प्रधान पाठक अजीत कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों और विशेष रूप से शिक्षिका आराधना तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। यह उपलब्धि परसा विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के शैक्षणिक क्षेत्र में नई ऊर्जा और दिशा देने वाला कदम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *