सिटी रिपोर्टर| बिलासपुर जनजाति युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को स्व. लखीराम ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति एवं युवा कार्य वनवासी विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव रहे। अध्यक्षता सीयू के कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि महापौर पूजा विधानी, वैभव सुरंगे, डॉ. चंद्रशेखर उइके रहे। उप मुख्यमंत्री साव ने शहीद वीर नारायण सिंह व भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि आज शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन करता हूं। अंग्रेजों ने उनके साथ जो व्यवहार किया, वह इस बात का प्रमाण है कि वे उनसे कितना भय खाते थे। जमींदार परिवार में जन्म लेकर भी उन्होंने आम जनता, समाज और गरीबों की चिंता की तथा अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी जनजातीय समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और अंग्रेजों से डटकर मुकाबला किया। शहीद वीर नारायण सिंह और भगवान बिरसा मुंडा से प्रेरणा लेकर आज जनजातीय समाज के गौरव, स्वाभिमान और वैभव को आगे बढ़ाने का समय है। जनजातीय समाज के युवा यदि अपने समाज की महिमा को आगे बढ़ाएं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ेगा। देश और समाज के लिए पूरी ताकत से जुटें जनजातीय युवा उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश हमें पुकार रहा है। जनजातीय समाज के युवाओं को भगवान बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह से प्रेरणा लेकर भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी और अपने समाज के वैभव और गौरव को बढ़ाने के लिए पूरी ताकत से जुटना चाहिए। यदि हम समाज के लिए कार्य नहीं करेंगे और समाज की चिंता नहीं करेंगे, तो हमारे जीवन का सच्चा उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। उन्होंने युवाओं से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।


