भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में सोमवार को परीक्षा के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। सोशल साइंस विभाग का छात्र जसकरण सिंह अपने करीब 60-70 साथियों के साथ कैंपस के लेक्चर थियेटर में घुस आया और फूड साइंस विभाग की चल रही परीक्षा के बीच हंगामा करते हुए परीक्षा हॉल का दरवाजा तोड़ दिया। इसी दौरान फूड साइंस के 2 छात्रों देव शर्मा और परवांश किपला से मारपीट की गई। घटना की शिकायत सुरक्षा अधिकारी हरविंदर सिंह गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी ने पुलिस को दी, जिसके आधार पर थाना कैंटोनमेंट में आरोपी जसकरण सिंह निवासी चाब, फिरोजपुर के खिलाफ पर्चा दर्ज किया गया। सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इससे पहले 3 दिसंबर को लड़कियों के हॉस्टल नंबर 3 के पास छात्रों के बीच झगड़ा हुआ था। उस समय भी फूड साइंस विभाग के छात्र देव शर्मा और परवांश किपला ने बॉटनी विभाग के छात्र गुरसेवक सिंह को चोट पहुंचाई थी। यह मामला थाने में रैफर हुआ था और दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया था। इसी तनाव के चलते 8 दिसंबर को फूड साइंस विभाग की परीक्षा के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा तैनात की गई थी लेकिन जसकरण सिंह अपने बड़े समूह के साथ पहुंच गए और परीक्षा समाप्त होने के समय हॉल में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ की। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ आगे की जांच शुरू कर दी है।


