भास्कर न्यूज | राजनांदगांव भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के महा परिनिर्वाण दिवस पर बौद्ध कल्याण समिति, बौद्ध समाज ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें भीम के नाम 156 लोगों ने रक्तदान किया। समाज प्रवक्ता विनोद श्रीरंगे ने बताया कार्यक्रम का शुभारंभ बौध्द धर्मगुरु भदंत महेंद्र थेरो और भदंत धम्मपाल की उपस्थिति में हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर में बाबा साहेब जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। दीप प्रज्वलन और सामूहिक त्रिसरण पंचशील ग्रहण कर रक्तदान शिविर प्रभारी संदीप कोल्हाटकर ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, पार्षदगण, विभिन्न पार्टियों के पदाधिकारी एवं समाज लोगों की उपस्थिति रही। सांस्कृतिक भवन सिविल लाइन में धम्म गुरुओं एवं सामाजिक लोगों की उपस्थिति में भीम के नाम रक्तदान कार्यक्रम हुआ। इसमें 150 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया 210 लोग रक्तदान करने पहुंचे और 156 लोगों ने भीम के नाम रक्तदान किया। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक और बालाजी ब्लड बैंक का स्टाफ मौजूद रहा। रक्तवीरों को बौध्द कल्याण समिति, ब्लड बैंकों की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। सभी रक्तविरों नि:शुल्क हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वालों का आभार व्यक्त किया गया।


