भास्कर न्यूज | राजनांदगांव जिले में मतदाता गहन पुनरीक्षण का काम शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। बुधवार शाम तक सभी वोटर्स का रिकार्ड डिजिटलाइज भी कर लिया गया। एसआईआर की निर्धारित तिथि 11 दिसंबर तय की गई थी, इसके पहले भी जिले में सर्वे पूरा कर लिया गया है। खास बात यह है कि सर्वे के दौरान 57 हजार वोटर्स नहीं मिले हैं। इन्होंने एसआईआर फार्म जाम नहीं किया है। जिन्हें अलग-अलग कैटेगरी में रखा गया है। इनमें से कुछ की मौत हो चुकी है, वहीं कुछ दूसरे शहरों पर शिफ्ट कर चुके हैं। जिनका अलग रिकार्ड भी तैयार कर लिया गया। इसके अलावा वार्डों में बूथ लेवल की बैठक कर राजनैतिक दलों के नियुक्त बीएलए के सामने स्पष्ट किया गया है कि उक्त मतदाता ने एसआईआर फार्म नहीं लिया या जमा नहीं किया है। विभाग ने इनके नहीं मिलने का एक तरह से पंचनामा भी तैयार किया है। जिले में 8 लाख 35 हजार 910 वोटर्स का एसआईआर सर्वे किया गया जाना था। जिसमें शत प्रतिशत वोटर्स का शत प्रतिशत कर लिया गया है।


