भास्कर न्यूज | अंबिकापुर सुरक्षित बैंकिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और अपराध नियंत्रण को लेकर सरगुजा पुलिस ने जिलेभर के सरकारी और प्राइवेट बैंकों में व्यापक सुरक्षा जांच अभियान चलाया। एसएसपी राजेश अग्रवाल ने बुधवार को जिले सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के बैंकों का गहन सुरक्षा निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने बैंक शाखाओं में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता, मुख्य द्वार की मजबूती, सायरन व्यवस्था, आपातकालीन संपर्क नंबर, सुरक्षा कर्मियों के हथियारों और कारतूसों की संख्या और बैंक में कार्यरत नियमित और अनियमित कर्मचारियों का सत्यापन किया। सभी बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी है। जांच के दौरान शाखा प्रबंधकों को भी बैंक परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को देने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि यह अभियान जनता की सुरक्षा और जिले में सुरक्षित बैंकिंग वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


