बस्तर ओलंपिक का CM करेंगे उद्घाटन, अमित शाह करेंगे समापन:आज से शुरू होगा 3 दिवसीय खेल, सरेंडर्ड नक्सली भी खेलेंगे कबड्डी-दौड़, बैडमिंटन जैसे गेम्स

छत्तीसगढ़ के बस्तर में बस्तर ओलिंपिक का संभाग स्तरीय आयोजन जगदलपुर में आज 11 दिसंबर से शुरू हो रहा है, जो 13 दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शुभारंभ करेंगे, जबकि 13 दिसंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम का समापन करेंगे। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। इस संभाग स्तरीय आयोजन में बस्तर संभाग के कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर और कोंडागांव इन 7 जिलों के सैकड़ों खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, बस्तर में सरेंडर किए नक्सली और नक्सल हिंसा पीड़ित परिवार के सदस्य भी बस्तर ओलिंपिक में हिस्सा लिए हैं। अलग-अलग जिले के करीब 761 से ज्यादा सदस्य अलग-अलग खेल खेलेंगे। बस्तर के IG सुंदरराज पी ने कहा कि, 7 जिलों की 7 टीमों के अलावा 8वीं टीम सरेंडर्ड नक्सली और नक्सल हिंसा पीड़ित परिवारों की होगी। इस 8वीं टीम का नाम ‘नुआ बाट’ है। IG ने कहा कि, साल 2024 में खिलाड़ियों की संख्या लगभग 350 थी। लेकिन इस बार ‘नुआ बाट’ टीम में लगभग 761 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलिंपिक में इनके भाग लेने से इनका मनोबल बढ़ेगा। ब्लॉक से जिला स्तर और अब संभाग स्तर आयोजन दरअसल, इससे पहले बस्तर के सातों जिलों में पहले ब्लॉक स्तरीय खेलों का आयोजन किया गया। इसमें विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर पहुंचे। जिला स्तर पर जितने वाले खिलाड़ियों का संभाग स्तर पर चयन किया गया है। अब सातों जिले से पहुंचने वाले खिलाड़ियों के बीच आज से संभाग स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता शुरू हो रही है। कबड्डी, रस्साकशी, दौड़, बैडमिंटन, तीरंदाजी, हॉकी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स समेत अन्य गेम्स होते हैं। जिसका सारा खर्च जिला प्रशासन उठाती है। खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का जौहर दिखाने का मौका मिलता है। साल 2024 में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह संभाग स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 13 दिसंबर को अमित शाह बस्तर दौरे पर रहेंगे। वे जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बस्तर ओलिंपिक के समापन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। साल 2024 में भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर ओलिंपिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। तब उन्होंने नक्सलवाद खात्मे की डेड लाइन जारी की थी। उन्होंने कहा था कि 31 मार्च 2026 तक देशभर से नक्सलवाद का सफाया हो जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *