डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने 760 ग्राम अफीम जब्त कर 1 आरोपी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर नेमीचंद खारिया और वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन में पुलिस थाना परबतसर की टीम ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी सुमन बुन्देला के नेतृत्व में पुलिस टीम मेगा हाईवे स्थित गांगवा बस स्टैंड क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान आरोपी मुकेश कुमार रेबारी के कब्जे से 760 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसमें 504 ग्राम और 256 ग्राम की 2 अलग-अलग प्लास्टिक थैलियां शामिल थीं। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार रेबारी (31) पुत्र गुलाबचंद रेबारी, निवासी पडांगा, थाना भिनाय, जिला अजमेर के रूप में हुई है। कार्रवाई में थानाधिकारी सुमन बुन्देला के साथ जीवराज सिंह, विनोद कुमार, संदीप, कमलेश कुमार, करण सिंह, हरदयाल, मागूराम, सेठीलाल और देवलाल शामिल थे।


