सीकर में जलभराव, बीकानेर से आगरा नेशनल हाईवे पर जाम:ढाका की ढाणी के पास ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर और लट्‌ठ डालकर दिया धरना

सीकर में नेशनल हाईवे-52 पर आज जाम की स्थिति बनी हुई है। हाईवे और आसपास के खेतों में जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर व लकड़ियां डालकर और सड़क के बीचोंबीच ट्रॉली खड़ी कर विरोध जताया। नानी बांध का पानी सड़क पर फैलने के कारण ग्रामीण काफी समय से परेशान हैं। ग्रामीणों के धरने को देखते हुए पुलिस और आरएसी के जवान भी मौके पर तैनात हैं। आज सुबह सालासर बाइपास से भढाडर तक करीब 3 किलोमीटर तक पानी भरने की वजह से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। नेशनल हाईवे जाम होने की वजह से बड़े वाहन भी शहर के अंदर से गुजर रहे हैं, ऐसे में सीकर शहर के अंदर भी वाहनों की लंबी लाइनें लग रही हैं। सीकर में नानी बीहड़ के पानी निकासी काफी लंबे समय से बनी हुई है। नानी बीहड़ में बांध बनने के बावजूद जलभराव की समस्या का कोई समाधान नहीं हाे रहा है। जलभराव के कारण ग्रामीण और नेशनल हाईवे से गुजरने वाले रोजाना परेशान होते हैं। नानी बाइपास से भढाडर तक नेशनल हाईवे पर जल भराव की स्थिति गंभीर हो गई है। नानी बीहड़ का पानी बांध से ओवरफ्लो होकर नेशनल हाईवे पर भरा हुआ है, जिससे आज ट्रैफिक पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। सड़क के कई हिस्सों में पानी इतना अधिक भरा है कि वाहन फंसने लगे हैं। चलना मुश्किल हो गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *