धौलपुर जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। नादनपुर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर एक हाइड्रा मशीन, दो ट्रैक्टर मय कंप्रेसर ड्रिल मशीन और एक बारशो मशीन जब्त की। यह कार्रवाई 10 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान आईपीएस के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी कमल कुमार आरपीएस और वृत्ताधिकारी वृत्त सरमथुरा नरेंद्र कुमार मीणा आरपीएस के निकट पर्यवेक्षण में नादनपुर थानाधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में टीम ने डीएसटी प्रभारी प्रेमसिंह की सूचना पर यह अभियान चलाया। टीम ने गांव खनपुरा के पास अवैध खनन क्षेत्र से एक हाइड्रा मशीन और एक ट्रैक्टर मय कंप्रेसर मशीन जब्त की। इसी तरह, गांव मौहरी वाले कच्चे रास्ते से अवैध खनन करते हुए एक अन्य ट्रैक्टर मय कंप्रेसर मशीन को भी जब्त किया गया। इस संबंध में प्रकरण संख्या 127/2025 धारा 303 (2) बीएनएस, 4/21 एमएमडीआर एक्ट और 54 एमएमसीआर एक्ट के तहत दर्ज कर अनुसंधान जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


