राजस्थान में पटवार सीधी भर्ती परीक्षा 2025 में सफल रहे अभ्यर्थियों के लिए के लिए पात्रता जांच व डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन जारी है। रेवेन्यू बोर्ड ने 300 दिव्यांग कैंडिडेट्स को बुलाया था। इसमें पात्र पाए गए 139 कैंडिडेट्स की लिस्ट जवाहर लाल नेहरू अस्पताल एवं राजकीय सेटेलाइट अस्पताल को भेजी है। इनके सर्टिफिकेट का फिर से वेरिफिकेशन होगा। दस्तावेज सत्यापन के तहत दिव्यांगों की पात्रता जांच में केवल ओएल ( वन लेग) (लोअर लिंब) की श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थियों को ही पात्र माना जाएगा। इसकी रिपोर्ट अस्पताल प्रशासन को दो दिन में भेजने के निर्देश दिए गए है। रेवेन्यू बोर्ड के उप निबंधक (भू अभिलेख) रवींद्र कुमार ने बताया कि राजस्व मंडल की ओर से पटवार सीधी भर्ती परीक्षा 2025 के प्रोविजनल पात्र पाए गए अभ्यर्थियों के दिव्यांग प्रमाण पत्रों की जांच 8 दिसम्बर से शुरू की गई है। यह पन्द्रह दिसम्बर तक चलेगी। पटवार सीधी भर्ती परीक्षा 2025 की विज्ञप्ति के बिंदु क्रमांक 14 (ए) के अनुसार केवल ओएल ( वन लेग) (लोअर लिंब) की श्रेणी के आधार से किया जाकर दिव्यांग पात्रता सुनिश्चित की जाएगी। जांचकर्ता चिकित्सा संस्थान इनकी सत्यापन रिपोर्ट दो दिन में राजस्व मंडल को उपलब्ध कराएंगे। बता दें कि पटवार प्रतियोगी परीक्षा-2025 में अस्थाई रूप से सिलेक्ट कैंडिडेट्स के डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन और पात्रता जांच अजमेर के राजस्व अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान चल रही है। पात्रता जांच व डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन के लिए 41 टीमों का गठन किया गया है। इस जांच के लिए 3705 पदों के मुकाबले दोगुने कैंडिडेट्स (7410) को बुलाया गया है। आखिरी दिन 15 दिसंबर को बुलाए गए कैंडिडेट्स की डेट में परिवर्तन की सम्भावना भी राजस्व मंडल प्रशासन ने जताई है। कैंडिडेट्स को निर्देश दिए हैं कि वे वेबसाइट देखते रहें। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर ने पटवार सीधी भर्ती प्रतियोगी परीक्षा-2025 का आयोजन 17 अगस्त 2025 को किया था। इस परीक्षा का रिजल्ट बोर्ड द्वारा 3 दिसंबर 2025 को घोषित किया था। 15 दिसम्बर तक चलेगी जांच, ये हैं दिशा-निर्देश


