जमशेदपुर पुलिस ने नशा माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों मानगो और सीतारामडेरा से कुल छह ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 60 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। डीएसपी हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद ने बताया कि पुलिस को लगातार शहर में ब्राउन शुगर की सप्लाई बढ़ने की सूचनाएं मिल रही थीं। इन खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई के लिए दो टीमों का गठन किया गया था। गुप्त सूचना पर मानगो पुलिस ने मानगो पुल के पास स्थित मंदिर के पीछे छापेमारी की। यहां चार युवक ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्त पाए गए। पुलिस ने मौके से 45 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद कर शिवाजी गोप, सर्जन कुमार, अता मोहम्मद और टुनटुन यादव को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि इन चार आरोपियों में से तीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी नशा कारोबार से जुड़े रहे हैं। इसी क्रम में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र की पुलिस ने स्लैग रोड स्थित न्यू सीतारामडेरा पार्क में दूसरी कार्रवाई की। यहां भी दो युवक ब्राउन शुगर बेचने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने 15 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद करते हुए बादल बनिया और गौरव राम को मौके से गिरफ्तार कर लिया।


