जयपुर की जनता को राहत देने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा भजनलाल सरकार के 2 साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर राहत शिविर आयोजित करने का फैसला किया है। 17 से 24 दिसंबर तक शहरी समस्या समाधान शिविर का आयोजन होगा। जिसमें जयपुर विकास प्राधिकरण के आला अधिकारी आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास करेंगे। इन शिविर का आयोजन जेडीए परिसर के नागरिक सेवा केंद्र में हर दिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। शिविर में शहरी सेवा शिविर और शहरी सेवा के लंबित प्रकरणों के साथ ही 18 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 और 8 नवंबर से 16 दिसंबर 2025 के बीच आए नए आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों की भी सुनवाई होगी। वहीं हर दिन अलग – अलग जोन के प्रकरणों की सुनवाई होगी। आवेदकों को उनके टाइम स्लॉट की जानकारी मोबाइल मैसेज और फोन कॉल के माध्यम से दी जाएगी। प्रतीक्षा स्थल पर आवेदकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क, आईटी शाखा द्वारा ई-मित्र सुविधा और जोन वार बैठने की व्यवस्था की जाएगी। शिविर में निस्तारित किए जाने वाले प्रकरणों से संबंधित दस्तावेजों पर शहरी समस्या समाधान शिविर की विशेष मोहर लगाई जाएगी। शिविर के संचालन के लिए अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। JDA अधिकारियों ने बताया किया कि अगर किसी दिन शाम 5 बजे तक कार्य पूरा नहीं होता, तो टीम काम पूरा होने तक शिविर जारी रखेगी। जेडीए शिविर की शुरुआत 17 दिसंबर को जोन-3, 4, 5, 6 और 7 के मामलों से होगी। इसके बाद 18 दिसंबर को जोन-5, 6, 7, 8 तथा (PRN) – उत्तर के प्रकरणों पर सुनवाई की जाएगी। तीसरे दिन यानी 19 दिसंबर को जोन-5, 7, 8, 19 और (PRN) – दक्षिण से जुड़े मामलों की लिस्टिंग की जाएगी। 20 दिसंबर को जोन-1, 9, 10, 11, 12 और 14 के प्रकरणों पर सुनवाई होगी। जबकि 22 दिसंबर को फिर से जोन-9, 10, 11, 12, 13 और 14 के मामलों की समीक्षा की जाएगी। 23 दिसंबर को जोन-2, 9, 11, 12, 13 और 14 के प्रकरण लिए जाएंगे। शिविर के अंतिम दिन 24 दिसंबर को जोन-11, 12, 13 और 22 के मामलों की सुनवाई होगी। सुनवाई नागरिक सेवा केंद्र, जेडीए परिसर में ही की जाएगी। जहां संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर समस्याओं के जल्द से जल्द निपटारे का प्रयास करेंगे।


