शिवपुरी से ससुराल जाने के लिए सोमवार को निकली एक महिला और उसका डेढ़ साल का बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। एसडीईआरएफ ने मंगलवार को मड़ीखेड़ा बांध के केचमेंट क्षेत्र में बच्चे का शव पानी से बरामद किया, लेकिन महिला का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। महिला के परिजनों को सोमवार को तलाशी के दौरान मड़ीखेड़ा डेम के पास कुछ समान मिले थे। इसके बाद पुलिस सहित एसडीईआरएफ की टीम ने तलाशी शुरू की थी। जानकारी के मुताबिक 30 साल की कमलेश बघेल एक जनवरी को अपनी ससुराल पारागढ नरवर से अपने मायके शिवपुरी की दर्पण कालोनी में अपने डेढ़ साल के बेटे रियांश और तीन साल की बेटी रियाना के साथ आई थी। तब से वह अपने मायके में रुकी हुई थी, लेकिन सोमवार की सुबह वह अपने डेढ़ साल के बेटे रियांश को लेकर घर से बिना बताए निकल गई, तभी से वह लापता है। मोबाइल कॉल से हुआ खुलासा कमलेश अपने डेढ़ साल के बेटे रियांश के साथ नरवर के लिए बस में सवार होकर निकली थी और रास्ते में नरवर-सतनबाड़ा मार्ग पर मड़ीखेड़ा डेम के पास उतर गई थी। इसका पता एक फोन कॉल के जरिए लगा। रास्ते में बस में सवार एक महिला के फोन से कमलेश ने अपने पति को फोन लगाया था, लेकिन उसके पति ने फोन रिसीव नहीं किया था। बाद में जब कमलेश लापता हो गई। तब भोलाराम बघेल ने मोबाइल पर पड़े मिस्ड कॉल पर फोन लगाकर पूछा था। तब महिला ने कमलेश के मड़ीखेड़ा डेम के पास उतरने की बात बताई थी। पुल के पास मिले थे कपड़े और कुछ सामान कमलेश के मड़ीखेड़ा डेम के पास उतरने की सूचना मिलने के बाद ससुराली और मायके वाले तलाश में डेम पहुंचे। यहां तलाशी के दौरान नरवर-सतनबाड़ा मार्ग पर बने ठाकुर बाबा पुल के पास सोमवार की शाम कमलेश का कुछ सामान मिला था। इसकी सूचना सतनवाड़ा थाना और फिजिकल थाना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद सोमवार की शाम सतनबाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। साथ ही एसडीईआरएफ की टीम को भी बुलाया गया था, लेकिन रात होने की वजह से पुल के नीचे भरे पानी में तलाशी अभियान शुरू नहीं किया जा सका था। बेटे का मिला शव, मां लापता एसडीईआरएफ की टीम ने मंगलवार की सुबह 6 बजे महिला और उसके बेटे की तलाश शुरू कर दी थी। तलाशी के दौरान सुबह 11 बजे एसडीईआरएफ की टीम को डेढ़ साल के मासूम का शव मिल गया, लेकिन कमलेश का मंगलवार की देर शाम तक कोआ सुराग नहीं लग सका हैं। खबर लिखे जाने तक टीम तलाशी अभियान में जुटी हुई हैं। महिला की बेटी भाई के साथ गई थी कमलेश जिस वक्त घर से निकली थी उस समय उसकी तीन साल की बेटी रियाना अपने मामा सुनील के साथ नास्ता लेने बाजार गई हुई थी। जिस कारण कमलेश उसे अपने साथ नहीं ले गई। परिजनों ने बताया कि कमलेश की शादी सात साल पहले पारागढ गांव के रहने वाले भोलाराम बघेल से हुई थी। दोनों के दो बच्चे थे। भोलाराम कोलारस क्षेत्र में काम करता था। दो थानों की पुलिस इस थाने की पुलिस पड़ताल कर रही हाै।


