मंडला में चलते ट्राले से निकला धुआं:दमकल ने पाया काबू, नशीला पदार्थ होने की आशंका

मंडला जिले के भुआ बिछिया में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब रायपुर की ओर से आ रहा एक ट्राला में धुआं निकलता दिखा। यह ट्राला आग लगे होने के बावजूद बिछिया की सड़क पर सरपट भाग रहा था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने ट्राला को नगर के बाहरी वार्ड नम्बर 15 के नजदीक रोका। उसके बाद फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान जब ट्राला (आरजे 50 जीबी 1539) को चेक किया गया तो उसमें संदिग्ध नशीले पदार्थ के छिलके लोड होने का शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं इस अफरातफरी में ट्रक चालक मौका पाकर भाग निकला। बिछिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह धुर्वे ने बताया कि आग लगी देखकर ट्राले को शहर से बाहर ले जाकर आग बुझाई गई। इसके पश्चात जब तिरपाल को हटाया गया तो उसमें लोड बोरियों में डोडा का छिलका जैसा पदार्थ नजर आया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान ड्राइवर फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। साथ ही ट्रक में लोड समान की जांच कराई जा रही है। पुलिस सूक्ष्मता से सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *