शहर के स्कीम नंबर 51 स्थित रेन्बो किड्स विद्यालय का वार्षिकोत्सव मनाया गया। यह भारत की संस्कृति को संजोए हुए समाज और विभिन्न राज्यों पर आधारित था। इस वर्ष की विद्यालय की थीम के अनुसार विद्यार्थियों ने भारत के हर राज्य की पहचान पर आधारित कार्यक्रम तैयार किया था।बच्चे विभिन्न राज्यों की भाषा, संस्कृति, रहन सहन, एवं विशेषताओं से अवगत कराते चल रहे थे। कक्षा केजी2, पहली, दूसरी के बच्चे भी एंकरिंग करते दिखाई दिए। विद्यार्थियों ने महाराष्ट्र की लावणी, गुजरात का गरबा, मध्यप्रदेश की आदिवासी संस्कृति, राजस्थान के रंगों के साथ साथ उत्तरप्रदेश का फाग, बिहार की छठ पूजा, कश्मीर की वादियों की सैर कराई तो वहीं, हिमाचल का योग, पंजाब का भांगड़ा, बंगाल के महिषासुर मर्दनी नृत्य का अभूतपूर्व मंचन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उड़ीसा की रथ यात्रा सचमुच अविस्मरणीय था। विद्यालय की म्युजिक टीम के कलाकारों ने शुरू से ही जो समा बांधा व लगातार चलता रहा। छोटे-छोटे बच्चों का गोवा की मस्ती भरी संस्कृति का प्रदर्शन और साउथ का भगवान अयप्पा पर आधारित कार्यक्रम रोमांचक रहे। छोटी उम्र के बच्चों का उत्साह भरा गायन, वादन, नृत्य, एंकरिंग और आर्ट एण्ड क्राफ्ट का प्रदर्शन अपने आप में अनुकरणीय है। विद्यालय के संचालक केदार सिंह चौहान ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए बच्चों ने काफी मेहनत की है। विद्यालय का परिचय प्रीति पाल द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बोर्ड परीक्षा में मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते हुए आशीष तिवारी ने विद्यार्थियों के प्रोत्साहित किया। स्विमिंग के क्षेत्र में संस्था को गौरवान्वित करने वाली बालिका पलक शर्मा को उज्जवल भविष्य की शुभकानाएं भी दी। इस कार्यक्रम की तैयारी में जुटे शिक्षक आदेश मालवीय, अमित भोई, शिवपाल सिंह राजपूत, पुष्कर बोरासी, अभिषेक शर्मा ने कार्यक्रम में भरपूर सहयोग किया।


