जिलों के प्रभारी मंत्रियों की सूची में संशोधन:नौ मंत्रियों के जिले बदले, चार के पास 1-1 ही रहेगा, 41 जिलों के 23 प्रभारी मंत्री होंगे

राज्य के 9 जिलों के निरस्त होने के बाद सरकार ने जिलों के प्रभारी मंत्रियों की सूची में संशोधन कर दिया है। इसमें निरस्त जिलों के प्रभारी हटाए गए हैं। कुछ मंत्रियों के जिले भी बदले गए हैं। अजमेर, ब्यावर व पूर्व के जिले केकड़ी की प्रभारी मंत्री दिया कुमारी के पास अब अजमेर व ब्यावर का प्रभार रहेगा। इसी तरह डॉ. प्रेमचंद बैरवा के पास पूर्व में चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ व राजसमंद का प्रभार था, लेकिन अब उनके पास भीलवाड़ा व राजसमंद की जिम्मेदारी रहेगी। राज्य मंत्री मंजू बाघमार के पास भीलवाड़ा के साथ शाहपुरा भी था, लेकिन अब उनके पास प्रतापगढ़ व चित्तौड़गढ़ की जिम्मेदारी होगी। गजेंद्र सिंह खींवसर के पास पूर्व में बीकानेर और अनूपगढ़ का प्रभार था, जो अब बदलकर बीकानेर के साथ जैसलमेर कर दिया गया है। वहीं, कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को दौसा के साथ जुड़े गंगापुर सिटी को हटा दिया गया है। मदन दिलावर से जोधपुर ग्रामीण हटाया गया है तो मंत्री जोगाराम पटेल के पास जयपुर के साथ जुड़े दूदू और जयपुर ग्रामीण हट गए हैं। मंत्री जोराराम कुमावत के पास पहले तीन जिले का प्रभार था, उनसे जैसलमेर जिला हटा लिया गया है। ऐसे ही संजय शर्मा से नीमकाथाना, झाबर सिंह खर्रा से ब्यावर, केके पाठक से सांचौर जिले हटा लिए गए हैं, क्योंकि इन्हें निरस्त कर दिया गया है। इनके अलावा अन्य प्रभारी मंत्रियों के जिलों को यथावत रखा गया है। इस संबंध में कैबिनेट सचिव ने आदेश जारी किए हैं। बेहतर प्रशासन व जिला मुख्यालय पर जनता की सुनवाई के लिए प्रभारी मंत्रियों को जिम्मेदारी दी है। प्रभारी मंत्री संगठन व सत्ता में तालमेल भी रखेंगे। इसके साथ ही जिला प्रशासन व अन्य विभागों के साथ मीटिंग कर जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *