बिलासपुर में अलग-अलग हादसे में मां-बेटे और दोस्त की मौत:अस्पताल जाने के दौरान मां बाइक से गिरी, ट्रक से टकराई बाइक, दोनों की मौत

बिलासपुर जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की कुछ घंटों के भीतर मौत हो गई। पहले मां की सड़क हादसे में जान गई, फिर उनका शव देखकर लौट रहे बेटे और उसके दोस्त की भी एक अन्य सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना तखतपुर क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम अरईबंद में रहने वाली इंद्रा बाई बंजारे की तबीयत खराब थी। उन्हें इलाज के लिए तखतपुर ले जाया जा रहा था। शाम करीब 4 बजे वह रास्ते में दुपहिया वाहन से गिर गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इंद्रा बाई की मौत की खबर मिलते ही बेटा संत बंजारे अपने दोस्त जितेंद्र बंजारे के साथ बाइक से तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराई मां की मौत से व्यथित संत बंजारे और जितेंद्र बंजारे रात होने के कारण परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना देने के लिए बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वे भी एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। दरअसल, रात करीब 9 बजे खपरी के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। आशंका है कि ट्रक की टेल लाइट नहीं जल रही थी, जिससे अंधेरे में बाइक सवारों को ट्रक दिखाई नहीं दिया। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि संत बंजारे और जितेंद्र बंजारे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गांव में छाया शोक दिन भर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों (मां- बेटे और मित्र) की सड़क हादसे में मौत हो जाने से ग्राम अरईबंद में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *