मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी योजना में आईडी अनिवार्य:आधार, जनआधार या आभा आईडी साथ लाना होगा, प्रचार करने के निर्देश

झालावाड़ में मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान (जांच) योजना का लाभ उठाने के लिए अब आधार, जनआधार या आभा आईडी साथ लाना अनिवार्य होगा। निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आमजन के व्यवहार में परिवर्तन लाया जा सके। यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि जब भी कोई व्यक्ति अस्पताल आए, वह अपनी आईडी साथ लाए। जिन मरीजों के पास आभा आईडी नहीं है, उनकी आईडी तत्काल प्रभाव से ऑपरेटर के माध्यम से बनवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त रोगी की प्रिस्क्रिप्शन स्लिप पर डॉक्टर के हस्ताक्षर, मुहर, नाम, पद और आरएमसी रजिस्ट्रेशन नंबर अनिवार्य रूप से अंकित होने चाहिए। जांच स्लिप में की जाने वाली जांचों की सही मार्किंग भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में जनस्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से ‘हब एंड स्पोक मॉडल’ का चरणबद्ध तरीके से सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। यह मॉडल स्वास्थ्य प्रणाली को अधिक संगठित, सक्षम और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस मॉडल के तहत, जिला चिकित्सालयों में 145, उपजिला चिकित्सालयों और सैटेलाइट चिकित्सालयों में 117, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 101, तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व डिस्पेंसरियों में 66 जांचें निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने बताया कि हब एंड स्पोक मॉडल स्वास्थ्य संस्थाओं को एक नेटवर्क के रूप में जोड़कर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पर उपलब्ध टेली-कंसलटेशन, मातृ स्वास्थ्य, एनसीडी सेवाओं और रेफरल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में निर्दिष्ट रेफरल सिस्टम का पालन कर त्वरित उपचार प्राप्त किया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *