झालावाड़ में राजकीय पीजी कॉलेज में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छात्रवृत्ति पोर्टल में तकनीकी खराबी के विरोध में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
पोर्टल काम न करने के कारण उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर रहे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। एबीवीपी जिला संयोजक रवि मेघवाल ने बताया कि पोर्टल ठप होने से विद्यार्थियों को आवेदन करने के लिए बार-बार ई-मित्र केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। इस समस्या के चलते कई छात्र छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से वंचित रह गए। छात्रों ने यह भी बताया कि इस समस्या को पहले भी कॉलेज प्रशासन के सामने उठाया गया था, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद एबीवीपी को प्रदर्शन करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के प्राचार्य राम कल्याण मीणा को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के नाम से एक ज्ञापन सौंपा। प्राचार्य मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया और त्वरित कार्रवाई की बात कही।
प्रदर्शन में अजय कुमार, राज्यवर्धन, विकास मेहर, योगेश, राजेश पाटीदार, नकुल, लखन मेघवाल, राम जाट और सुमित बैरवा सहित कई छात्र व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


