मनीष लश्करी तीसरी बार कृषि उपज मंडी क वर्ग व्यापार संघ के अध्यक्ष चुने गए हैं। शुक्रवार को हुए चुनाव में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी रमेश तिवारी को 35 मतों से हराया। शहर स्थित कृषि उपज मंडी परिसर के किसान भवन में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। संघ के कुल 230 सदस्यों में से 229 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। मुख्य चुनाव अधिकारी सत्यप्रकाश जालान ने बताया कि मनीष लश्करी को 132 वोट मिले, जबकि रमेश तिवारी को 97 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार लश्करी ने 35 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। परिणाम घोषित होने के बाद मनीष लश्करी के समर्थकों और व्यापारियों ने ढोल-नगाड़े बजाकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।


