मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, जिला निवाड़ी ने 12 दिसंबर को दोपहर करीब 12 बजे विधायक अनिल जैन को 15 सूत्रीय मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। इन मांगों में वेतनवृद्धि, पदोन्नति, नियमितीकरण, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए आयोग का गठन, ठेका प्रथा की समाप्ति और दैनिक वेतनभोगियों को नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता प्रदान करना शामिल है। संघ के जिलाध्यक्ष हल्काई प्रसाद ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शासकीय कर्मचारी घोषित करने, ग्राम रक्षकों (कोटवार) को नियमित सेवा का दर्जा देने और वर्दी धुलाई भत्ता 50 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए प्रतिमाह करने की मांग भी रखी गई है। 26 को देंगे धरना संघ ने अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन की रूपरेखा भी घोषित की है। इसके तहत, 26 दिसंबर को सांकेतिक धरना, 16 जनवरी को बाबा साहेब अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण और 29 जनवरी को पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शासन द्वारा उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो 21 फरवरी 2026 को भोपाल में एक विशाल प्रदर्शन और आमसभा का आयोजन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपते समय जिलाध्यक्ष हल्काई प्रसाद सहित संघ के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।


