श्योपुर जिले की गुरनावदा सोसाइटी में शुक्रवार को खाद वितरण के दौरान हंगामा हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में लोग खाद से भरे ट्रक पर चढ़कर कट्टे सड़क पर फेंकते हुए दिखाई दिए। इसके बाद किसानों और सोसाइटी कर्मचारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जिसे संभालने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। 60 टन खाद पहुंची, सड़क पर फेंकते ही मची अफरा-तफरी जानकारी के अनुसार, सोसाइटी में करीब 60 टन खाद पहुंची थी। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वितरण होना था, लेकिन जैसे ही ट्रक सोसाइटी के बाहर पहुंचा, कुछ लोग उस पर चढ़ गए और कट्टों को सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इससे किसानों के बीच अफरा-तफरी मच गई। किसानों का कहना था कि खाद वितरण पुलिस और प्रशासन की निगरानी में होना चाहिए, ताकि व्यवस्था बनी रहे। वहीं कर्मचारियों का कहना था कि बढ़ती भीड़ के चलते विवाद की आशंका बढ़ गई थी। डीएमओ ने लूट की बात नकारी जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) सत्येंद्र सिंह ने खाद लूटने की बात को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि ट्रक से कट्टे नीचे उतारे जा रहे थे, लेकिन कुछ लोगों ने उसे ‘लूट’ का रूप दे दिया। उनके अनुसार, समिति के सदस्य नियमों के तहत खाद ले रहे थे और वितरण प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी है। विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसानों बोले- पर्याप्त खाद उपलब्ध कराएं विवाद के बाद प्रशासन ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि खाद की कमी के कारण उन्हें अक्सर परेशानी उठानी पड़ती है, इसलिए वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और नियंत्रित बनाए जाने की जरूरत है। पूर्व अध्यक्ष सेवा सहकारी संस्था गुरुनावदा, कुंजबिहारी जाट ने कहा कि संस्था से एक हजार किसान जुड़े हैं और आज केवल दो ट्रक यूरिया उपलब्ध कराया गया, जबकि किसानों की जरूरत आठ ट्रक की है। इसी वजह से किसानों में हंगामा हुआ और कुछ ने खाद लूटने की कोशिश भी की। उन्होंने मांग की है कि ऐसी स्थिति से बचने के लिए विभाग सोसाइटी में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराए।


