निवाली के किसान की बेटी ममता किराड़े बनी असिस्टेंट प्रोफेसर:माता-पिता के साथ करती थीं खेती, मुश्किल से दी थी MPPSC की परीक्षा

बड़वानी जिले के निवाली क्षेत्र के छोटे से गांव कुंजरी की रहने वाली आदिवासी परिवार की बेटी ममता किराड़े ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्होंने इस परीक्षा में 53वीं रैंक प्राप्त की है, जबकि अपनी कैटेगरी में उन्होंने जिले में पहला स्थान हासिल किया। अब वह असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यभार ग्रहण करेंगी। किसान गिलदार किराड़े की बेटी ममता ने अपनी प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल से पूरी की। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उन्होंने सेंधवा के सरकारी स्कूल से हाई स्कूल की पढ़ाई की। उन्होंने रसायन शास्त्र विषय में 2016 में एमएससी और 2018 में बीएड की डिग्री प्राप्त की। ममता ने पढ़ाई के साथ ही खेती-किसानी में अपने माता-पिता का भी सहयोग किया। वह खेतों में काम करती थीं और फिर देर रात तक पढ़ाई करती थीं। उन्होंने बताया कि स्कूल के समय नई कॉपी-किताबें खरीदने के पैसे नहीं होते थे, इसलिए वह पुरानी किताबें खरीदकर पढ़ाई करती थीं। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद, ममता ने 2022 से 2024 तक मेनीमाता हाई स्कूल में वर्ग दो शिक्षिका के रूप में सेवाएं दीं। वर्तमान में वह सीएम राइज स्कूल सिलावद में वर्ग एक शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 2020 में उनकी शादी हुई और एक बच्ची भी है, लेकिन इन पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने MPPSC की तैयारी जारी रखी और सफलता प्राप्त की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *