केंदुआडीह में 12वें दिन भी गैस रिसाव जारी:कार्बन मोनोऑक्साइड खतरनाक स्तर पर, लोग अपने घर छोड़ने को तैयार नहीं

धनबाद के केंदुआडीह में गैस रिसाव का संकट लगातार गहराता जा रहा है। शुक्रवार को 12वें दिन भी गैस रिसाव को रोकने में सफलता नहीं मिल पाई है। इधर, क्षेत्र में कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर खतरनाक बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश बढ़ रहा है। स्थानीय निवासी दीनानाथ सिंह ने बताया कि इलाके में जहरीली गैस का रिसाव जारी है। विशेषज्ञों द्वारा मिट्टी भरने का काम धीमी गति से हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि जिस स्थान से गैस का रिसाव हो रहा है, उसके ठीक सामने एक दीवार है। जब तक उस दीवार को हटाकर गहराई तक मिट्टी नहीं भरी जाती, स्थिति गंभीर बनी रहेगी। बीसीसीएल की तकनीकी टीम लगातार गैस का स्तर माप रही है। आज गैस का स्तर 900 यूनिट दर्ज किया गया, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है। प्रशासन द्वारा अस्थायी स्थानांतरण की अपील के बावजूद स्थानीय लोग अपने घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। गैस रिसाव पूरी तरह बंद होने तक कहीं नहीं जाएंगे: ग्रामीण उनका कहना है कि वे गैस रिसाव पूरी तरह बंद होने तक कहीं नहीं जाएंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीसीसीएल केवल दिखावे के लिए औपचारिक कार्य कर रहा है और वास्तविक समाधान के लिए गंभीर कदम नहीं उठा रहा है। गैस की लगातार बढ़ती मात्रा और धीमी कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी है। क्षेत्र में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। बीसीसीएल और प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपेक्षा की जा रही है। ड्रिलिंग प्रक्रिया में आई तेजी केंदुआडीह गैस रिसाव के बीच राहत कार्यों को तेज कर दिया गया है। चिन्हित किए गए संभावित स्थलों पर मार्किंग पूरी कर ली गई है। अधिकारियों की टीम ने आज ड्रिलिंग के लिए तय स्थानों का मौके पर निरीक्षण भी किया। हालांकि ड्रिलिंग की शुरुआत वैज्ञानिकों और संबंधित तकनीकी एजेंसियों की अंतिम अनुमति मिलने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल सभी टीमें निर्देशों का इंतजार कर रही हैं, ताकि सुरक्षित तरीके से ड्रिलिंग शुरू की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *