जयपुर में गाजर का हलवा खाने से पुलिस के जवान और अधिकारियों के बीमार होने की घटना के दूसरे दिन आज जयपुर सीएमएचओ की टीम ने मिष्ठान दुकान पर छापा मारा। यहां टीम ने गाजर का हलवा समेत अन्य मिठाइयों के सैंपल लेकर उनको जांच के लिए लैब भिजवाया। वहीं, हलवा खाने से बीमार हुए पुलिस के जवानों का जयपुर के अलग-अलग हॉस्पिटलों में इलाज चल रहा है। जयपुर सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत के निर्देशन में टीम आज टोंक रोड स्थित शंकर मिष्ठान भंडार पर पहुंची। आज पहुंची टीम ने मिठाई की दुकान से अलग-अलग मिठाइयों, नमकीन वहां तैयार हलवा और अन्य तैयार खाद्य चीजों के सैंपल लिए। आपको बता दें कि गांधी नगर मोड़ टोंक रोड स्थित शंकर मिष्ठान भंडार पर कल करीब एक दर्जन पुलिस कर्मचारियों ने गाजर का हलवा खाया था। इसमें पुलिस के जवान के अलावा कुछ अधिकारी भी शामिल थे। हलवा खाने के बाद सभी के पेट में दर्द, उल्टी की शिकायत हुई, जिसके बाद उनको जयपुर के अलग-अलग हॉस्पिटलों में भर्ती करवाया गया।


