‘साहब, मेरी बकरी चोरी हो गई, लाकर दे दो’:SP के पास शिकायत लेकर पहुंचा चरवाहा; महिला बोली-मेरी भैंस भी ढूंढो

जालोर में एक चरवाहा SP शैलेंद्र सिंह के पास पहुंचा और कहा- साहब मेरी बकरी एक महीने पहले रेलवे स्टेशन से चोरी हो गई। मेरी 20 हजार की बकरी चोरी हुई है। शिकायत कोतवाली थाना पुलिस से की थी। लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को यह वाकया एसपी ऑफिस में हुआ। इसी दौरान एक महिला भी भैंस चोरी की शिकायत लेकर पहुंची थी। दोनों ने बकरी-भैंस ढूंढने की मांग कर दी। केस 1: रेलवे स्टेशन से रतनाराम की बकरी चोरी जालोर के सुंदेलाव तालाब के पास रहने वाले रतनाराम देवासी पुत्र जोईताराम शुक्रवार को शिकायत लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे। एसपी शैलेंद्र सिंह ने रतनाराम ने कहा-करीब 1 महीने पहले जालोर रेलवे स्टेशन के पास मैं अपनी बकरियां चरा रहा था। दोपहर 12 बजे के करीब रेवड़ को लेकर लौटने लगा तो देखा कि सफेद रंग की एक बकरी गायब है। मैंने आस-पास बकरी को खोजा लेकिन मुझे बकरी नहीं मिली। मुझे शक हुआ कि कोई मेरी बकरी चुरा कर ले गया है। शाम 4 बजे मैं जालोर कोतवाली थाने पहुंचा और चोरी की लिखित शिकायत दी। पुलिस से बकरी तलाशने की मांग की। लेकिन पुलिस ने आज तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। न ही मुझे किसी तरह आश्वासन दिया। बकरी के दो छोटे बच्चे अपनी मां से वंचित हैं। एक बकरी की कीमत 20 हजार रुपए है। गरीब चरवाहों के लिए यह रकम बड़ी है। मुझे मेरी बकरी तलाशकर दी जाए। केस 2: साफाड़ा रोड से गायब हुआ नारंगी देवी की भैंस शुक्रवार को जालोर के पाणिया नाडा गांव निवासी नारंगी देवी मीणा पत्नी लादाराम भी एसपी ऑफिस पहुंची और भैंस चोरी होने की शिकायत दी। नारंगी देवी ने एसपी को बताया- 3 सितंबर को मेरी 6 भैसें साफाड़ा रोड़ पर चर रही थीं। शाम को 5 भैंसें घर लौट आई जबकि एक भैंस नहीं लौटी। कुछ दिन तक भैंस की खूब खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिली। 23 सितंबर को कोतवाली थाने में भैंस चोरी की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने कोई मदद नहीं की। 7 दिन पहले सूचना मिली कि मेरी भैंस साफाड़ा के तोडबारा गांव स्थित घेवाराम प्रजापत के बेरे पर बंधी है। मैं परिवार के सदस्यों के साथ वहां पहुंची तो भैंस वहीं थी। घेवाराम से भैंस मांगी तो उसने देने से इनकार कर दिया। घेवाराम की पत्नी गाली-गलौज करने लगी। कोतवाली थाना पुलिस को भैंस मिल जाने और आरोपियों की ओर से नहीं लौटाने की बात भी बताई। लेकिन पुलिस भैंस दिलाने के लिए साथ चलने को तैयार नहीं है। थक-हार कर एसपी ऑफिस पहुंची और एसपी से शिकायत की। जालोर एसपी शैलेन्द्र सिंह ने दोनों मामलों को लेकर कहा कि कोतवाली थाने को निर्देश दे दिए हैं। जांच कर कार्रवाई कर रहे हैं। कोतवाली थाना इंचार्ज बोले- मामले की जानकारी नहीं इन दोनों मामलों में जालोर कोतवाली थाना इंचार्ज रामेश्वर लाल भाटी से बात की तो उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में जानकारी नहीं हैं। मैं सोजत पेशी पर आया हूं। अगर ऐसा कोई मामला हैं तो टीम भेजकर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसी आरोपी के बेरे पर किसी शिकायतकर्ता की भैंस बंधी है तो पुलिस को प्रार्थी के साथ भेजकर उसकी भैंस दिलाएंगे। बकरी वाले मामले की भी जांच करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *