बारां में राजकीय सार्वजनिक जिला पुस्तकालय में एक विशेष मार्गदर्शन एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
इसमें महिला थाना अधिकारी आशा सिंह ने छात्र-छात्राओं को करियर निर्माण, सुरक्षा जागरूकता और जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। सत्र में पुस्तकालय में अध्ययनरत बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। ‘हर किसी में होती है अद्भुत क्षमता’
अधिकारी आशा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि हर व्यक्ति में अद्भुत क्षमता होती है, जिसे सही दिशा और सतत मेहनत के दम पर निखारा जा सकता है। साइबर सुरक्षा को लेकर भी किया जागरूक
साइबर सुरक्षा पर बात करते हुए आशा सिंह ने मोबाइल फोन व इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अनावश्यक जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक व कॉल से बचने तथा किसी भी ऑनलाइन धोखाधड़ी या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।” छात्राओं को भी सुरक्षा के प्रति किया सजग
छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आत्मरक्षा तकनीकों, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर लड़की को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए और किसी भी अनहोनी की स्थिति में डरने के बजाय सही कदम उठाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं ने करियर, सुरक्षा और दैनिक जीवन से जुड़े सवाल पूछे। अधिकारी आशा सिंह ने इन जिज्ञासाओं का अत्यंत सरल और व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया।
पुस्तकालय प्रभारी एवं शिक्षकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों को जागरूक करते हैं, बल्कि उनमें लक्ष्य प्राप्ति, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित, संवेदनशील और सक्षम बनाना था। सत्र के अंत में विद्यार्थियों ने महिला थाना अधिकारी आशा सिंह और पुस्तकालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


