बारां में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान 2025 का दूसरा दिन शुक्रवार को संपन्न हुआ। इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा और परिवहन निरीक्षक सूरज भानु सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने कोटा रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल बारां का भ्रमण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व और आवश्यक नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में बच्चों ने सड़क सुरक्षा विषय पर आकर्षक रंगोली और पोस्टर भी बनाए। डॉ. कल्पना शर्मा ने बच्चों द्वारा बनाई गई रंगोली और पोस्टरों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को रचनात्मकता के साथ-साथ यातायात अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया। अभियान के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। छात्रों ने सड़क सुरक्षा को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।


